563 लीटर अवैध शराब व बीयर बरामद, बिहार ले जाने की थी तैयारी

सेवराई। रेलवे स्टेशन दिलदारनगर और जमानिया क्षेत्र में जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 563.21 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
रेलवे पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान पुलिस महानिदेशक रेलवे श्री प्रकाश डी., पुलिस अधीक्षक रेलवे श्री प्रशांत वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईराज राजा के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, जीआरपी दिलदारनगर, रेलवे चौकी जमानिया और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रविवार रात करीब एक बजे रेलवे स्टेशन जमानिया के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पूर्वी छोर स्थित यात्री शेड के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच की। इस दौरान सात लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिनके पास से 5 बोरियां, 22 पिट्ठू बैग और 4 झोलों में रखी गई 498.5 लीटर बीयर तथा 64.71 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे विभिन्न दुकानों से शराब खरीदकर ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की फिराक में थे। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर शराब तस्करी में सक्रिय था।
गिरफ्तार सभी आरोपी बिहार के पटना, नालंदा और सीतामढ़ी जिलों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ जीआरपी डीडीयू थाना में मुकदमा संख्या 91/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रेलवे मार्ग के जरिए हो रही शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।

यूथ कॉर्नर न्यूज़ चैनल गाजीपुर जिला ब्यूरो नसीम खान शुभम सिंह की रिपोर्ट।
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

एक टिप्पणी भेजें

 
Top