सेवराई। रेलवे स्टेशन दिलदारनगर पर प्लेटफार्म चेकिंग के दौरान जीआरपी को बड़ी सफलता हाथ लगी। चौकी जीआरपी दिलदारनगर, थाना जीआरपी डीडीयू की टीम ने लावारिस हालत में पड़े बैग से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है।
मंगलवार को चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे श्री प्रकाश डी, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ डीडीयू श्री जेतिन बी. राज तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे श्री प्रशांत वर्मा के निर्देशन में रेलवे स्टेशनों, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर परभात सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जीआरपी डीडीयू सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में टीम सक्रिय रही।
चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म संख्या-1 के पूर्वी छोर, निर्माणाधीन हिस्से के पास एक भूरा ट्रॉली बैग और एक काला पिट्ठू बैग संदिग्ध अवस्था में मिला। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया।
पुलिस टीम द्वारा बैग खोलकर जांच करने पर ट्रॉली बैग से 20 बोतल अंग्रेजी शराब (रॉयल स्टेज, प्रत्येक 750 मि.ली.) तथा पिट्ठू बैग से 48 कैन किंगफिशर बीयर (प्रत्येक 500 मि.ली.) बरामद हुई। कुल बरामद शराब की मात्रा लगभग 39 लीटर बताई गई है।
पुलिस ने बरामद शराब को मौके पर ही सील कर कब्जे में लेते हुए चौकी जीआरपी दिलदारनगर लाकर मालखाने में जमा करा दिया।
इस संबंध में जीआरपी द्वारा बताया गया कि लावारिस हालत में मिली शराब के स्रोत और तस्करों की पहचान के लिए पतारसी और सुरागरसी की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
टीम में मुख्य रूप से उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार पटेल (चौकी प्रभारी), मुख्य आरक्षी अशोक कुमार, आरक्षी मंगल सिंह व आरक्षी अमरनाथ मौर्य शामिल रहे।
यूथ कॉर्नर न्यूज़ चैनल गाजीपुर जिला ब्यूरो नसीम खान शुभम सिंह की रिपोर्ट।
एक टिप्पणी भेजें
एक टिप्पणी भेजें