सेवराई। तहसील क्षेत्र के भदौरा विकासखंड अंतर्गत धनाढ़ी गांव में ग्राम पंचायत द्वारा बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय पर केयरटेकर और मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गांव निवासी आनंद मौर्य ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत उच्च अधिकारियों से करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में आनंद मौर्य ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत द्वारा शौचालय की देखरेख के लिए प्रति माह ₹6000 केयरटेकर के नाम पर और ₹3000 सामग्री खरीद के नाम पर निकाले जा रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि शौचालय नियमित रूप से खुलता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि शौचालय अधिकतर समय बंद रहता है, जिससे ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि इस संबंध में शिकायत करने के बावजूद ब्लॉक स्तर के अधिकारी और कर्मचारी मामले को दबाने में लगे हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शौचालय के मरम्मत के नाम पर भी हजारों रुपये का भुगतान किया गया, जबकि मौके पर कोई कार्य नहीं कराया गया है।
आनंद मौर्य ने ग्राम पंचायत में कराए गए अन्य विकास कार्यों में भी अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी भदौरा, के. सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक नहीं लगाई गई, तो सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पाएगा।
एक टिप्पणी भेजें
एक टिप्पणी भेजें