सेवराई। तहसील सेवराई क्षेत्र में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुकिंग कराने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है और एजेंसियों द्वारा मनमानी की जा रही है। इस मामले में किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने एसडीएम से मुलाकात करते हुए उन्हें शिकायती पत्र सौंप कर कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए शिकायती पत्र में उन्होंने बताया कि क्षेत्र के उपभोक्ताओं के अनुसार, रामदासी इंडेन गैस एजेंसी उसिया, इमरान एचपी गैस एजेंसी गहमर, एचपी गैस एजेंसी बसूका, बारा इंडेन गैस एजेंसी बारा तथा रेवतीपुर इंडेन गैस एजेंसी सहित कई एजेंसियों पर बुकिंग के बाद भी गैस उपलब्ध नहीं हो रही है। इतना ही नहीं, उपभोक्ताओं से प्रति सिलेंडर 35 से 50 रुपये तक अतिरिक्त वसूली करने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि एजेंसी गोदाम पर जाने के बाद भी उन्हें “गैस खत्म होने” का हवाला देकर लौटा दिया जाता है। वहीं, कुछ एजेंसियों पर उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार करने की भी शिकायतें सामने आई हैं।
इसके विपरीत, दिलदारनगर स्थित मधु भारत गैस एजेंसी को उपभोक्ताओं ने सराहा है, जहां समय पर और निर्धारित मूल्य पर गैस की आपूर्ति की जा रही है। हाल ही में इस एजेंसी द्वारा सेवराई ग्राम सभा में लगातार तीन दिन गैस वितरण किया गया, जिससे लोगों को राहत मिली।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि कई एजेंसियां घरेलू गैस सिलेंडर को अधिक कीमत पर रेस्टोरेंट और ढाबों को बेच रही हैं, जबकि वहां व्यावसायिक गैस का उपयोग होना चाहिए। इससे आम उपभोक्ताओं को गैस संकट का सामना करना पड़ रहा है।
गांव में विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं, क्योंकि उनके पास गैस लेने के लिए बार-बार एजेंसी जाने का विकल्प नहीं है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी गैस एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर और उचित मूल्य पर गैस उपलब्ध हो सके। इस संबंध में एसडीएम संजय यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है जांच उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट नसीम खान
एक टिप्पणी भेजें
एक टिप्पणी भेजें