भेंटुआ (अमेठी) भेंटुआ ब्लॉक के गैरिकपुर निवासी लेखक व प्रेरक वक्ता डॉ. रमाकांत तिवारी क्षितिज द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से निकाली गई “पर्यावरण बचाओ साइकिल यात्रा” क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। यह जागरूकता यात्रा पूरे हरिराम तिवारी का पुरवा, मां देवीपाटन मंदिर से प्रारंभ होकर हारीपुर , महना , मुराल का पुरवा, विक्रमपुर, अमेयमाफी होते हुए बरतला स्थित स्वामी परमहंस महाराज जी के मंदिर पर पहुंचकर सम्पन्न हुई।
यात्रा के दौरान डॉ. क्षितिज ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल बचाव एवं प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “ एक अनुमान के अनुसार देश में लगभग 4700 लोग प्रतिदिन पर्यावरण प्रदूषण के कारण अपनी जान गंवा रहे हैं, यदि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देना है तो हमें आज ही प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लेना होगा। पर्यावरण की रक्षा केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवन शैली बननी चाहिए।”
डॉ. क्षितिज जो वर्तमान में मुंबई में निवास करते हैं, किंतु उनका मूल निवास पूरे हरिराम तिवारी का पुरवा, भेंटुआ है। अपने गांव और क्षेत्र से गहरा लगाव रखते हुए वे विगत कई वर्षों से बुजुर्ग सम्मेलन, महिला सम्मान समारोह, नशा मुक्ति अभियान तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करते आ रहे हैं।
इस अवसर पर आकाश मिश्रा ने कहा कि “डॉ. रमाकांत तिवारी क्षितिज की यह पहल युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। पर्यावरण बचाने का यह संदेश गांव-गांव तक पहुंचेगा।”
वहीं भारतीय किसान यूनियन युवा प्रकोष्ठ अमेठी के जिला अध्यक्ष शशिकांत तिवारी ने कहा कि “किसान और पर्यावरण का गहरा संबंध है। यदि जल, जंगल और जमीन सुरक्षित रहेंगे तभी किसान और देश सुरक्षित रहेगा। डॉ. क्षितिज का यह अभियान सराहनीय है और हम सब उनके साथ हैं।”
यात्रा में आकाश मिश्रा, राम प्रताप तिवारी, सूर्यकांत तिवारी, कृष्णकांत तिवारी, सनी, सोनू सहित दर्जनों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह ग्रामीणों ने साइकिल यात्रियों का स्वागत किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
क्षेत्र में इस पहल को लेकर व्यापक चर्चा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसे रचनात्मक अभियान निरंतर चलते रहे तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन अवश्य आएगा। इस आयोजन की चर्चा क्षेत्र में हो रही है. बुद्धिजीवी वर्ग से लेकर जन सामान्य तक इसकी सराहना कर रहे हैं.
विनोद कुमार दुबे
एक टिप्पणी भेजें
एक टिप्पणी भेजें