रिपोर्ट पदमाकर पाठक 


एएमयू वाइस चांसलर की नियुक्ति के मामले ने पकड़ा तूल, पद्रह अक्टूबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर धरने का ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने किया एलान
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में स्थाई कुलपति की नियुक्ति का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस बीच एएमयू ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने एक महत्वपूर्ण बैठक कर शनिवार को एएमयू के मौजूदा कार्यवाहक वाइस चांसलर की मनमानी और नए स्थाई कुलपति की नियुक्ति के मुद्दे को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर पंद्रह अक्टूबर को धरना देने का एलान किया है। बैठक के बाद ज्वाइंट एक्शन कमेटी के संयोजक और एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर आज़म बेग ने प्रेस रिलीज जारी कर बैठक में लिए गए अहम फैसलों की जानकारी दी है।
डॉक्टर आज़म बेग ने ज्वाइंट एक्शन कमेटी की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज में बताया कि बैठक में यह भी फैसला लिया गया है कि विश्वविद्यालय के एक्ट का उल्लंघन करके जिस तरह अनियमित तरीके से कार्य किए जा रहे हैं उस पर 'ब्लैक पेपर' तैयार किया जाए और इसके लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन भी किया गया है।

ज्वाइंट एक्शन कमेटी का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्दी ही देश के राष्ट्रपति, शिक्षा मंत्री, संसद द्वारा नवनिर्वाचित एएमयू कोर्ट के सदस्यों से मुलाकात कर एएमयू की स्तिथि पर चर्चा कर हस्तक्षेप की मांग करेंगे।

बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी है कि वर्तमान एक्टिंग प्रोफेसर वाइस चांसलर प्रोफेसर गुलरेज और निवर्तमान वाइस चांसलर प्रोफेसर तारिक मंसूर का एएमयू ओल्ड बॉयज और वर्तमान स्टाफ एसोसिएशन सभी कार्यक्रमों में बहिष्कार करेंगे। इस बारे में देश विदेश के सभी एएमयू अलुमन्नाई और ओल्ड बॉयज एसोसिएशनस से भी आग्रह किया गया है कि वह विश्वविद्यालय में एक्ट, कानून व्यवस्था एवं शांति स्थापित होने तक इन दोनों ही को किसी भी कार्यक्रम में आमंत्रित ना करें।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि आगामी सत्रह अक्टूबर सर सय्यद दिवस को एएमयू समेत देश विदेश में सभी जगह (एएमयू बचाओ) मुहिम के रूप में मनाया जाए।

बैठक में शामिल सदस्यों ने एएमयू को हर कीमत पर बचाने और यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा ईसी, कोर्ट, स्टूडेंट्स यूनियन के चुनाव ना कराने पर सख्त नाराजगी जताई. बैठक में इन सभी मुद्दों को मुहिम का हिस्सा बनाने पर भी सहमति बनी.

विश्वविद्यालय में स्थाई वाइस चांसलर के बिना सलेक्शन कमेटी के आयोजनों पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई और उसे उच्च न्यायालय में चुनौती देने पर भी सहमति बनी है।

एएमयू में पढ़ रहे सभी छात्र-छात्राओं से आग्रह किया गया है कि वह विश्वविद्यालय में किसी भी तरह के विवाद और आपसी टकराव से बचे ताकि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों के कैरियर को हर तरह की साजिश से सुरक्षित रखा जा सके।

बैठक में एएमयू स्टाफ एसोसिएशन ने स्थाई कुलपति के नियुक्ति को लेकर कांस्टीट्यूशन क्लब में एएमयू स्टाफ एसोसिएशन के पधाधिकारी, विश्विद्यालय के पूर्व वरिष्ठ छात्र नेताओ समेत यूनिवर्सिटी छात्र संघ के पूर्व ओहदेदार और ज्वाइंट एक्शन कमेटी के अधिकतर सदस्यों ने हिस्सा लिया।

आज़म बेग ने बताया, कि पंद्रह अक्टूबर रविवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित धरने में सामाजिक संगठनों के नेता, सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधी, सिविल सोसाइटी और सामाजिक कार्यकर्ता, जेएनयू, बीएचयू, डीयू, एएमयू, जेएमआई, आईआईटी दिल्ली जैसे बड़े शिक्षण संस्थानों के वरिष्ठ स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र और छात्राएं शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि धरने में विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा, एवं राज्यसभा के वरिष्ठ सदस्य, वर्तमान एवं निवर्तमान मंत्री, देश के सभी राज्यों में गठित एएमयू ओल्ड बॉयज एसोसिएशन, लायर्स और बुद्धिजीवियो समेत बड़ी संख्या में सर सैय्यद के चाहने वाले शिरकत करेंगे. इस दौरान यह सभी लोग मुस्लिम यूनिवर्सिटी को बचाने, कार्यवाहक कुलपति द्वारा मनमानी और यूनिवर्सिटी को नियमानुसार संचालित किए जाने पर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
बता दें कि धरने का यह कार्यक्रम ओल्ड बॉयज एसोसिएशन, दिल्ली और ज्वाइंट एक्शन कमेटी एएमयू के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होगा। 

बैठक की अध्यक्षता एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और इग्नू के पूर्व प्रोफेसर वाइस चांसलर प्रोफेसर बसीर अहमद ने की. बैठक में सर्वसम्मति से डॉक्टर आजम बेग, कमेटी के संयोजक अबरार अहमद चीकू, कोऑर्डिनेटर और सचिव डॉक्टर उबैद अहमद सिद्दीकी को नियुक्त किया गया। 
ज्वाइंट एक्शन कमेटी द्वारा बुलाई गई इस महत्वपूर्ण बैठक में इग्नू के पूर्व प्रोफेसर वाइस चांसलर प्रोफेसर बसीर अहमद खान, इंडियन मुस्लिम फॉर सिविल राइट्स के अध्यक्ष और पूर्व सांसद मोहम्मद अदीब, आईआईटी दिल्ली के पूर्व प्रोफेसर वीके त्रिपाठी, एएमयू स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर मोहम्मद खालिद, अमुटा के सचिव डॉक्टर उबैद अहमद सिद्दीकी, ज्वाइंट सेक्रेटरी साद बिन जावेद, प्रोफेसर मोइनुद्दीन, प्रोफेसर मुराद खान, प्रोफेसर हाफिज इल्यास, प्रोफेसर आफताब अहमद, डॉक्टर सिद्धार्थ चक्रवर्ती, डॉक्टर अरशद बारी, डॉक्टर अशरफ मतीन, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जेड.के. फैजान, एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर आजम बेग, पूर्व सचिव, अबरार अहमद चीकू, ओल्ड बॉयज एसोसिएशन दिल्ली के अध्यक्ष मुदस्सिर हयात और सचिव शहंशाह, हसीब अहमद, डॉक्टर अनवारूल इस्लाम, डॉक्टर इशरत जमील, स्टूडेंट लीडर आमिर मिंटुई, गयास अहमद, मोहम्मद इमरान समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

 
Top