बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने का लगाया आरोप

सेवराई। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के नहीं पहुंचने से कई फरियादियों को मायूसी का सामना करना पड़ा। जिलाधिकारी की मौजूदगी में अपनी समस्याओं के त्वरित निस्तारण की उम्मीद लेकर पहुंचे फरियादियों ने शिकायतों के समाधान में देरी को लेकर नाराजगी जताई। फरियादियों का आरोप रहा कि तहसील दिवस में कई बार शिकायत पत्र देने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे संपूर्ण समाधान दिवस महज औपचारिकता बनकर रह गया है।

दलपतपुर गांव निवासी संजय ठाकुर ने बताया कि गांव में अतिक्रमण हटाने के संबंध में वह करीब 100 से अधिक बार शिकायत पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि शनिवार को जिलाधिकारी के संपूर्ण समाधान दिवस में आने की सूचना पर वह अपनी शिकायत लेकर तहसील पहुंचे थे। हालांकि जिलाधिकारी के नहीं आने से उन्हें निराशा हुई। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में भी असंतोष है।
वहीं, भतौरा गांव निवासी संजय राम ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान द्वारा गांव के कई हैंडपंपों में समरसेबल डालकर उनका निजी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने ग्राम प्रधान पर अन्य गंभीर आरोप भी लगाए। संजय राम का कहना है कि तहसील दिवस में कई बार शिकायत पत्र देने के बावजूद उनकी शिकायत का अपेक्षित निस्तारण नहीं हो रहा है।
फरियादियों ने प्रशासन से मांग की कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण कराया जाए, ताकि लोगों को बार-बार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

यूथ कॉर्नर न्यूज़ चैनल गाजीपुर जिला ब्यूरो नसीम खान शुभम सिंह की रिपोर्ट।

एक टिप्पणी भेजें

 
Top