किराये के कमरे में चल रहा था अवैध भंडारण, 11,825 इंजेक्शन और 1.61 लाख टैबलेट भी मिलीं


प्रयागराज। अतरसुइया पुलिस ने नशीली दवाओं के बड़े अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए कल्याणी देवी के गुजराती मोहल्ले में एक किराये के कमरे से करीब तीन करोड़ रुपये की दवाएं बरामद की हैं। कमरे को गोदाम बनाकर रखी गईं 11,037 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप, 11,825 इंजेक्शन, 35,520 कैप्सूल और 1,61,400 टैबलेट बरामद हुईं। छापेमारी के दौरान आरोपी अरुण सहगल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
डीसीपी सागर जैन ने बताया कि सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि कल्याणी देवी क्षेत्र के एक मकान में भारी मात्रा में नशीली दवाओं का अवैध भंडारण किया गया है। इसके बाद एसीपी अतरसुइया राम सिंह और थाना प्रभारी विवेक राय की टीम ने औषधि विभाग के निरीक्षक सुनील कुमार रावत के साथ मकान पर छापा मारा।
तलाशी के दौरान कार्टूनों में ऑनरएक्स कोडीन फॉस्फेट और ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड सिरप की 11,037 शीशियां मिलीं। इसके अलावा ब्यूप्रेनोर्फिन और पेंटाजोसिन समेत अन्य दवाओं के 11,825 इंजेक्शन, 35,520 कैप्सूल और 1,61,400 टैबलेट बरामद की गईं।


 *बॉक्स* 

 *बैच नंबर मिटाने का उपकरण भी मिला* 

पुलिस के मुताबिक कमरे से मिनी ग्राइंडर और उसके टूल्स भी बरामद हुए हैं। आशंका है कि इनका इस्तेमाल दवाओं के बैच नंबर और पहचान संबंधी जानकारी मिटाने में किया जाता था। इससे पुलिस को दवाओं को बाजार में खपाने से पहले उनकी पहचान छिपाने की आशंका है।
पुलिस और औषधि विभाग की टीम बरामद दवाओं की प्रकृति, उनके स्रोत और अवैध इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दवाएं कहां से मंगाई जाती थीं और प्रयागराज समेत किन-किन क्षेत्रों में उनकी सप्लाई की जानी थी। फरार आरोपी अरुण सहगल की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

एक टिप्पणी भेजें

 
Top