जीआरपी चौकी दिलदारनगर द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन मुस्कान" के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गश्त और सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक नाबालिग गुमशुदा लड़की को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।

प्रभारी निरीक्षक जीआरपी डीडीयू सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में दिलदारनगर जीआरपी चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार पटेल अपनी टीम के साथ रेलवे स्टेशन दिलदारनगर के प्लेटफॉर्म पर गश्त व चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक नाबालिग लड़की रोती हुई अवस्था में मिली।

पूछताछ में लड़की ने अपना नाम रीता कुमारी उर्फ पिंकी (उम्र करीब 14 वर्ष), पुत्री अर्जुन कुमार यादव, निवासी खेदलपुरा, थाना बिहटा, जिला बिहार बताया। उसने बताया कि वह घरवालों से नाराज होकर घर से निकल आई थी।
इस पर जीआरपी टीम ने उसे समझा-बुझाकर शांत किया और उसके परिजनों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित किया। सूचना मिलने पर परिजन जीआरपी चौकी पहुंचे। पहचान और सत्यापन के बाद पुलिस ने नियमानुसार लड़की को उसके पिता अर्जुन कुमार यादव, भाई बिड्डू कुमार और चाचा के सुपुर्द कर दिया।

बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और जीआरपी दिलदारनगर पुलिस टीम की सराहना की।

यूथ कॉर्नर न्यूज़ चैनल गाजीपुर जिला ब्यूरो नसीम खान शुभम सिंह की रिपोर्ट।

एक टिप्पणी भेजें

 
Top