आक्रोशित ग्रामीणों ने कर्मनाशा मार्ग किया जाम, चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग

सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के देवल गांव के समीप शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिहार प्रांत को जोड़ने वाले कर्मनाशा मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
मृतक की पहचान सेवराई तहसील अंतर्गत देवल गांव निवासी राम प्रसाद चौधर उर्फ नागा चौधरी (60 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राम प्रसाद चौधरी अपनी पत्नी के साथ खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिहार की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राम प्रसाद चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों व पुलिस को सूचना दी। नागा चौधरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण आरोपी पिकअप चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में मौके पर पहुंचे तहसीलदार सुनील कुमार सिंह के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और आवागमन बहाल कराया जा सका।

इस संबंध में गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यूथ कॉर्नर न्यूज़ चैनल गाजीपुर जिला ब्यूरो नसीम खान शुभम सिंह की रिपोर्ट।
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

एक टिप्पणी भेजें

 
Top