अमेठी। जीवन में कठिनाइयों से घबराने के बजाय धैर्य और आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करना चाहिए। तनाव और चिंता को खुद पर हावी न होने दें, बल्कि सकारात्मक सोच अपनाएं। इसी संदेश के साथ भेंटुआ विकासखंड के मई स्थित पीडीएनजी इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र राज्य सरकार के हिंदी साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित दार्शनिक चिंतक एवं प्रेरक वक्ता डॉ. रमाकांत तिवारी 'क्षितिज' ने छात्र-छात्राओं को तनाव, चिंता, अवसाद और नकारात्मक विचारों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने शरीर के सात चक्रों की अवधारणा समझाते हुए योगाभ्यास कराया तथा मन को शांत रखने और एकाग्रता बढ़ाने के तरीके बताए।

डॉ. तिवारी ने कहा कि जीवन अनमोल है। किसी भी परिस्थिति में निराश होकर गलत कदम नहीं उठाना चाहिए। अपनी समस्याएं परिवार और शिक्षकों से साझा करनी चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक पाना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनना भी है।
प्रबंधक अरविंद गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास के साथ मानसिक और भावनात्मक मजबूती भी जरूरी है। ऐसे प्रेरणात्मक कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। उन्होंने डॉ. तिवारी के प्रति विद्यालय परिवार की ओर से आभार जताया।

पत्रकार शशिकांत तिवारी पुजारी ने कहा कि डॉ. तिवारी महाराष्ट्र से आकर अमेठी के विभिन्न विद्यालयों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को योग साधना और सकारात्मक जीवन का संदेश दे रहे हैं। बच्चों के भविष्य और मानसिक विकास के लिए अपना अमूल्य समय देना सराहनीय है।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य रति श्रीवास्तव, कोऑर्डिनेटर दिनेश श्रीवास्तव, बीएल सिंह, अंकित शुक्ला, विजय भान सिंह, देवनाथ तथा संस्थापक एवं सेवानिवृत्त डीआईजी (स्टांप) मल्लू राम गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम पत्रकार शशिकांत तिवारी पुजारी के सौजन्य से आयोजित हुआ, जबकि श्रीकांत तिवारी ने विशेष सहयोग किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

एक टिप्पणी भेजें

 
Top