गाजीपुर। जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि लिए जाने की शिकायतों को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गंभीरता से लिया है। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान कुछ लोगों से प्रमाणपत्र जारी कराने के नाम पर 500 से 3500 रुपये तक लिए जाने की शिकायत सामने आई।
मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी तथा उपजिलाधिकारी कासिमाबाद द्वारा जन्म प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया से संबंधित जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। जांच रिपोर्ट के अनुसार कुछ मामलों में बिचौलियों द्वारा निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त धनराशि लिए जाने की बात सामने आई है।।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन्म प्रमाणपत्र समेत किसी भी सरकारी सेवा के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि किसी भी व्यक्ति से न ली जाए। उन्होंने सभी सरकारी सेवाओं को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।।
प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई के लिए क्षेत्राधिकारी, एंटी करप्शन, वाराणसी को भी अवगत कराया गया है। डीएम ने सभी विभागों में बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य के नाम पर अवैध धनराशि मांगने या वसूलने की शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि किसी प्रमाणपत्र अथवा सरकारी सेवा के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक रकम मांगे जाने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें, ताकि शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
#गाजीपुर #Ghazipur #जिलाधिकारी #अनुपमशुक्ला #जन्मप्रमाणपत्र #IGRS #नगरपालिका #कासिमाबाद #एंटीकरप्शन #सरकारीसेवा #भ्रष्टाचार #जनशिकायत #प्रशासन #GhazipurNews
एक टिप्पणी भेजें
एक टिप्पणी भेजें