सेवराई। जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह के द्वारा जम्मू- कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पर की गई टिप्पणी के बाद क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। भाजपा जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अब भारतीय किसान यूनियन टिकैत के सेवराई तहसील अध्यक्ष एवं किसान नेता भानु प्रताप सिंह भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने विकास कार्यों को लेकर विधायक ओमप्रकाश सिंह का खुलकर समर्थन किया और मनोज सिन्हा के कार्यकाल पर सवाल उठाए।
भानु प्रताप सिंह ने कहा कि मनोज सिन्हा के कार्यकाल में जिस रेल सह रोड ब्रिज और रेल लाइन विस्तार की बड़ी घोषणा की गई थी, वह आज भी अधूरी पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मऊ तक प्रस्तावित रेल परियोजना चुनाव हारने के बाद केवल जिला मुख्यालय तक सिमटकर रह गई। पुल निर्माण कार्य भी अब तक पूरा नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि रेल राज्य मंत्री रहते हुए मनोज सिन्हा ने सेवराई तहसील के बारा रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और उच्चीकृत करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज भी स्टेशन की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव दिखाई नहीं देता। वहीं कभी जिले की प्रमुख टेलीकॉम सेवा मानी जाने वाली बीएसएनएल की मौजूदा स्थिति पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।
किसान नेता ने विधायक ओमप्रकाश सिंह के पक्ष में बोलते हुए कहा कि “शिक्षा से ही संस्कार बनता है और संस्कार से समाज मजबूत होता है।” उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश सिंह ने क्षेत्र में महाविद्यालय खोलकर गरीब और असहाय बेटियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया। साथ ही सेवराई को तहसील का दर्जा दिलाकर क्षेत्रीय जनता को बड़ी प्रशासनिक राहत पहुंचाई।
भानु प्रताप सिंह ने आगे कहा कि पहले कच्ची नहरों के टूटने से किसानों की फसलें जलमग्न हो जाती थीं, लेकिन नहरों के पक्कीकरण से किसानों को राहत मिली। उन्होंने दावा किया कि विधायक ओमप्रकाश सिंह ने बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूलभूत मुद्दों पर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
इधर इस बयानबाजी के बाद राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। समर्थक और विरोधी अपने-अपने नेताओं के विकास कार्यों को लेकर खुलकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जिससे आने वाले समय में क्षेत्रीय राजनीति और गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।
यूथ कॉर्नर न्यूज़ चैनल गाजीपुर जिला ब्यूरो नसीम खान शुभम सिंह की रिपोर्ट।
एक टिप्पणी भेजें
एक टिप्पणी भेजें