प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक 5 वर्षीय गुमशुदा बालिका को कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। इस कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

यह सफलता पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त प्रयागराज के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त गंगानगर तथा अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के पर्यवेक्षण में हासिल हुई। सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव के नेतृत्व में थाना सोरांव पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को यह 5 वर्षीय बालिका अपनी मां और दादी के साथ मलाक चतुरी स्थित मीरा अस्पताल में इलाज के लिए आई थी। अस्पताल परिसर से वह अचानक लापता हो गई। बच्ची के गुमशुदा होने की सूचना मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी।

टीम ने अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले

सूचना मिलते ही थाना सोरांव पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी माध्यमों और स्थानीय जानकारी के आधार पर बालिका की तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने गुमशुदा बालिका को थाना सोरांव क्षेत्र के भदरी तिराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया।

विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे परिजनों को सौंपा

बालिका के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे परिजनों को सौंप दिया। बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के त्वरित प्रयासों की सराहना की।

इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक केशव वर्मा, कांस्टेबल मुनीष कुमार, कांस्टेबल प्रकाश सिंह, कांस्टेबल अनुज बाजपेई और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही

एक टिप्पणी भेजें

 
Top